सीएम के प्रतिनिधि हरिश कोठारी ने वाणी विहार स्थित आवास पहुंचकर भेंट की, पुष्पगुच्छ देकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
देहरादून 18 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनकवि डॉ. अतुल शर्मा से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में हरिश कोठारी ने देहरादून के वाणी विहार स्थित डॉ. अतुल शर्मा के आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले एक सड़क दुर्घटना में डॉ. अतुल शर्मा गंभीर रूप से चोटिल हो गए थे। बताया गया कि एक बच्चे को बचाने के प्रयास में वह दुर्घटना की चपेट में आ गए। उन्हें देहरादून के सीएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. महेश कुड़ियाल ने उनका उपचार किया। चिकित्सकों ने उन्हें पूर्ण विश्राम की सलाह देते हुए घर भेज दिया। हादसे में उनके पैर में अंदरूनी चोट आई है। फिलहाल डॉ. अतुल शर्मा घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री की ओर से की गई इस पहल को साहित्य और संस्कृति से जुड़े लोगों के प्रति संवेदनशीलता के रूप में देखा जा रहा है।
