लखनऊ में उत्तराखण्ड महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बोले- यूपी और उत्तराखण्ड का रिश्ता सहोदर भाइयों जैसा।
लखनऊ 17 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लखनऊ में आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में प्रतिभाग कर प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं में निहित है। भौगोलिक रूप से हम कहीं भी रहें, लेकिन अपनी मातृभूमि और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव हमेशा बनाए रखना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी पहचान और परंपराओं से परिचित कराया जा सकेगा।
पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखण्ड महापरिषद की ओर से आयोजित महोत्सव में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। सरकार पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित कर देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में योगदान देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के संबंधों को सहोदर भाइयों जैसा बताते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव है। दोनों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में लगभग 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश को भी उन्होंने आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में विकास की अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम हो रहा है। केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और रोपवे परियोजनाओं से प्रदेश में कनेक्टिविटी और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि हेमकुंड साहिब में लगभग 3.90 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। सरकार शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा दे रही है, जिससे वर्षभर पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कैंची धाम सहित बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके साथ ही इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म और होमस्टे को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि पर्यटन का लाभ दूरस्थ पर्वतीय गांवों तक पहुंच सके।
राज्य सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड में समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर प्रदेश के हितों और युवाओं के भविष्य की रक्षा की जा रही है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार योजनाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और जनता के सहयोग से उत्तराखण्ड वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी मौजूद रहे।







