आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026 में शामिल हुए पुष्कर सिंह धामी, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन
धरती आबा अभियान के तहत प्रदेश के 128 जनजातीय गांव चयनित, युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने पर जोर।
देहरादून 16 नवंबर 2026। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में राज्य जनजातीय शोध संस्थान एवं जनजाति कल्याण विभाग की ओर से आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखण्ड-2026’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए जनजातीय समाज के लोगों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आदिवासी संस्कृति एवं हस्तकला प्रदर्शनी का अवलोकन कर पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकता है। भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, स्वाभिमान और जल, जंगल, जमीन की रक्षा का संकल्प आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को सम्मान, अधिकार और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
धामी ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उत्तराखण्ड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं, जहां जनजातीय विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा और आवास की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही छात्रवृत्ति, निःशुल्क कोचिंग और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री जनजाति रोजगार उत्कर्ष योजना संचालित की जा रही है। वहीं, जनजातीय परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। खटीमा में जनजातीय बालिका छात्रावास की स्वीकृति भी प्रदान की गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जनजातीय हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पाद केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता का भी माध्यम हैं। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय शिल्पकारों और स्थानीय उत्पाद निर्माताओं को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी आय बढ़ने के साथ पारंपरिक हुनर को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। इसके लिए जनजातीय महोत्सव, खेल महोत्सव और विज्ञान महोत्सव जैसे आयोजन किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि जनजातीय समाज का प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, हर युवा आत्मनिर्भर बने और प्रत्येक बेटी शिक्षित एवं सशक्त हो। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव श्रीधर बाबू अदाकी सहित जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, हस्तशिल्पी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







