Writing
29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित, 1.27 लाख युवाओं को मिला रोजगार।
निर्यात का आंकड़ा 10 हजार करोड़ से बढ़कर 13 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंचा।
देहरादून 16 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होटल ताज मसूरी में EEPC India के 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों और निर्यातकों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को आध्यात्मिक शक्ति के साथ आर्थिक शक्ति का भी बड़ा केंद्र बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश औद्योगिक विकास और निवेश के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 1.27 लाख से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
धामी ने कहा कि वर्ष 2017-18 में उत्तराखण्ड का निर्यात 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे करीब 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में उत्तराखण्ड ने हिमालयी एवं पर्वतीय राज्यों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से वर्ष 2030 तक पांच लाख ग्रामीण परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। यह ब्रांड अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए नियामक नहीं, बल्कि सहयोगी और सारथी की भूमिका निभा रही है। उद्यमियों को निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर कनेक्टिविटी और सरल प्रक्रियाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने उद्योग जगत से उत्तराखण्ड में निवेश करने और नए उद्योग स्थापित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में EEPC India के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज चड्ढा, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्यमी और निर्यातक मौजूद रहे।





