देहरादून 10 जनवरी 2026। अंकित भंडारी हत्याकांड की सीबीआई के मुख्यमंत्री धामी के आदेश के बाद भी यह मामला शांत नहीं हो रहा है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर शनिवार को देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर गंभीर सवाल खड़े किए।
गणेश गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से सीबीआई जांच की सिफारिश किए जाने के बावजूद सरकार अब तक यह साफ नहीं कर रही है कि जांच किन-किन बिंदुओं पर होगी। उन्होंने मांग की कि सीबीआई जांच के सभी बिंदुओं को सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि जनता को जांच की दिशा स्पष्ट हो सके।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार अब भी इस सवाल पर जांच कराना चाहती है कि घटना में कोई वीआईपी था या नहीं, जबकि यह बात पहले ही सामने आ चुकी है कि वीआईपी मौजूद था। उन्होंने कहा कि अब जांच इस बात पर होनी चाहिए कि वह वीआईपी कौन है।
