खटीमा, 15 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार देर शाम खटीमा में पूर्वांचल सेवा समिति की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही वार्ड नंबर 14 स्थित संजय रेलवे पार्क के पास नवनिर्मित छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पर्व आस्था, अनुशासन, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें यह संदेश देती है कि सम्मान केवल सफलता के शिखर पर पहुंचने वालों का ही नहीं, बल्कि संघर्ष करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को जोड़ने के साथ विविधता में एकता की सुंदर मिसाल पेश करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार विकास और विरासत के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। खटीमा में बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है, जिसका जल्द ही भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अलावा खटीमा चौराहे से मेलाघाट रोड तक हॉटमिक्स कार्य, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण और मजोला रोड सहित नानकसागर से 17 मील तक 34 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों को विकसित भारत के प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में मेलाघाट, सिसैया और नगला तराई सहित अन्य गांवों के लिए 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और सुविधाओं का विस्तार भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की नई इमारत तैयार हो चुकी है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की घोषणा की गई है। इसके अलावा आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बाईपास और अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी किए गए हैं। चकरपुर में वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए समिति के पदाधिकारियों और चिकित्सक को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पूर्वांचल सेवा समिति के अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, महेंद्र प्रताप, प्रकाश चंद तिवारी, रणजीत सिंह नामधारी, अंकित पांडेय, कमला सिंह, एसके पटेल, अजय प्रताप सिंह, नरेश यादव, अशोक सिंह, रंजना सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
