देहरादून: 14 नवंबर 2026।
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) द्वारा शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजपुर रोड देहरादून में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और NSUI प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले को अत्यंत गंभीर और शर्मनाक बताया। नेताओं ने कहा कि इस घटना ने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छात्र राजनीति से जुड़े आरोपी और होटल प्रबंधन पर सवाल
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में चार युवकों—धीरज बिष्ट (जो एमबीपीजी कॉलेज में एबीवीपी के प्रत्याशी के रूप में छात्रसंघ अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुका है), नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी—को गिरफ्तार किया है। यह पूरी घटना कटघरिया क्षेत्र के होटल त्रिशूल से जुड़ी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्र राजनीति से जुड़े लोगों पर इतने गंभीर आरोप लगते हैं, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी बड़ा सवाल है कि नाबालिगों को बिना पहचान पत्र और उचित सत्यापन के होटल में कमरा कैसे उपलब्ध कराया गया? उन्होंने इस प्रकरण में होटल प्रबंधन की भूमिका की भी उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
NSUI और कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
- हल्द्वानी की घटना की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच हो और दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को कठोरतम कानूनी सजा मिले।
- पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा, कानूनी सहायता और उचित मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
- नाबालिग पीड़िता की पहचान और निजता की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
- किसी भी राजनीतिक या छात्र संगठन से जुड़े व्यक्ति को कानून से ऊपर न माना जाए।
- प्रदेशभर के होटल एवं गेस्ट हाउसों में पहचान सत्यापन और रिकॉर्ड संबंधी नियमों का प्रभावी अनुपालन हो।
‘जीरो टॉलरेंस’ के दावे जमीन पर फेल: विकास नेगी
NSUI के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि हमारा सवाल किसी एक संगठन या विचारधारा से नहीं, बल्कि उस मानसिकता और व्यवस्था से है जहाँ अपराधियों को कानून का खौफ नहीं रहा। उन्होंने कहा कि केवल ‘जीरो टॉलरेंस’ के बयान देने से काम नहीं चलेगा, यह जमीन पर भी दिखना चाहिए। आज स्थिति यह है कि स्कूल जाने वाली लड़कियां घर से निकलने में घबराने लगी हैं, क्योंकि प्रदेश में महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से NSUI के महानगर अध्यक्ष हिमांशु रावत, डीबीएस पीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष हर्ष राणा, और डीएवी पीजी कॉलेज के विश्वविद्यालय प्रतिनिधि प्रियांशु धामी सहित कई छात्र नेता उपस्थित रहे।
