बोले- गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक।
गौचर (चमोली) 14 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जनपद के गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गौचर पहुंचने पर उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के संकल्प को आगे बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को देश-दुनिया के बाजारों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से अपने ही क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलें, ताकि पलायन पर रोक लगाई जा सके।
सिमली अस्पताल के लिए गठित होगी कमेटी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित करने और सभी संबंधित पक्षों को सुनने की बात कही। वहीं, प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह किया।
पेयजल योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गौचर नगरीय पेयजल योजना और 4.59 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं।
पत्रकार और साहित्यकार सम्मानित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026 और वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026 से सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



