राष्ट्रपति पुलिस निशान हासिल करने वाला देश का 16वां राज्य बना उत्तराखण्ड।
देहरादून 6 नवंबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित उत्तराखण्ड पुलिस के राष्ट्रपति पुलिस निशान अलंकरण समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान अमित शाह ने पुलिस परेड का निरीक्षण किया और उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस निशान से अलंकृत किया। 25 वर्षों की सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के सम्मान में मिला यह निशान उत्तराखण्ड पुलिस के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके साथ ही उत्तराखण्ड यह सम्मान पाने वाला देश का 16वां राज्य बन गया है।
समारोह में विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
उत्तराखण्ड पुलिस की सेवाओं को मिली राष्ट्रीय पहचान : अमित शाह
अमित शाह ने उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। चारधाम यात्रा, कुंभ मेला, पर्यटन और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान पुलिस के जवान महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस ने सेवा, समर्पण और साहस की मिसाल पेश की है।
उन्होंने कहा कि तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, आधुनिक तकनीक और फॉरेंसिक विज्ञान के इस्तेमाल से जांच प्रक्रिया मजबूत होगी और आम जनता को समयबद्ध न्याय मिल सकेगा। उन्होंने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए उत्तराखण्ड पुलिस के 206 जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। साथ ही नशे और साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस के साहस और समर्पण का राष्ट्रीय सम्मान : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान उत्तराखण्ड पुलिस के गौरवशाली इतिहास का नया अध्याय है। यह सम्मान पुलिस के साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा को मिली राष्ट्रीय मान्यता है।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय पुलिस में करीब 13 हजार जवान थे, जबकि आज 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मी प्रदेश की सुरक्षा में तैनात हैं। चारधाम यात्रा, यातायात प्रबंधन, आपदा राहत और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की अहम भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पिछले चार वर्षों में 7 हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 307 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। ऑपरेशन स्माइल और ऑपरेशन मुक्ति के जरिए भी बच्चों को उनके परिवारों और शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम, पुलिस प्रशिक्षण और आधुनिकीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राष्ट्रपति पुलिस निशान केवल सम्मान नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारियों को और बेहतर तरीके से निभाने की प्रेरणा भी है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, तीरथ सिंह रावत और रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
