देहरादून, 29 अक्टूबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव महर्षि ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह के भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के मामले में भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिना जांच के किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
राजीव महर्षि ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में हुए बवाल प्रकरण पर भाजपा जवाब देने से बच रही है। अपने प्रभारी को बचाने के लिए उन्हें संवैधानिक पद पर बैठाने का प्रयास किया गया, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई न हो सके। महर्षि ने भाजपा को पहले अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत दी।
उन्होंने कहा कि प्रीतम सिंह लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं और एक वरिष्ठ, सरल स्वभाव के लोकप्रिय नेता हैं। भाजपा उन्हें राजनीतिक रूप से शिकस्त नहीं दे पा रही है। जिला पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस ने देहरादून में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है। इससे भाजपा बौखलाई हुई है और चुनाव के मद्देनजर प्रीतम सिंह को घेरने का प्रयास किया जा रहा है।
महर्षि ने कहा कि प्रीतम सिंह का राजनीतिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि मजबूत रही है। उनकी लोकप्रियता और जनता के बीच स्वीकार्यता ही उनकी राजनीतिक ताकत है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा घटनाक्रम भाजपा की चुनावी बौखलाहट और राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी और पूरी पार्टी प्रीतम सिंह के साथ मजबूती से खड़ी है। यदि भाजपा ने उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाने या दबाव बनाने का प्रयास किया तो कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की ऐसी कोशिशों से कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है और आगामी चुनाव में इसका कोई राजनीतिक लाभ भाजपा को नहीं मिलेगा।
