खटीमा, 5 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के आंगनबाड़ी केंद्र गोसीकुआ भुड़ाई में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, माताओं, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों से संवाद कर सरकार की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होकर 10 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार किट और 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। साथ ही 5 बच्चों का अन्नप्राशन कराया और 9 आंगनबाड़ी व 2 आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया। उन्होंने पौधरोपण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आंगन मिलन’ का उद्देश्य सेवा, स्नेह और संवाद को हर घर तक पहुंचाना है। आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण देने के केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य, प्रारंभिक शिक्षा और संस्कार की नींव तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं।
उन्होंने कहा कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। महालक्ष्मी किट, पोषण योजनाओं और मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना के साथ दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं के लिए बर्थ वेटिंग होम और जरूरत पड़ने पर हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड में कोई बच्चा कुपोषित न रहे और हर बच्चे को स्वस्थ, सुरक्षित एवं संस्कारयुक्त वातावरण मिले।







