आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को किया सम्मानित
मातृशक्ति और बच्चों का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता, हर पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य—रेखा आर्या
पिथौरागढ़ 25 सितंबर 2026। जनपद की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को विण-बगरैली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मंत्री ने आठ लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि चार महिलाओं की गोदभराई की रस्म कराई गई। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ सामूहिक भोजन किया और उनसे संवाद भी किया।
मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि माताओं, महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ‘आंगन का मिलन’ अभियान के जरिए आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, राज्यमंत्री गणेश भंडारी, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
