देहरादून 24 सितंबर 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें JIM&WS, पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा।
मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को बधाई देते हुए उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की उपलब्धियां उत्तराखंड समेत देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करेंगी।
माउंट एकांकागुआ की 6,961 मीटर ऊंची चोटी पर छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को सफल आरोहण किया। वहीं NIM के नुन-कुन अभियान के तहत दल ने माउंट कुन की 7,077 मीटर, डेल्टा-41 की 5,908 मीटर और माउंट नुन की 7,135 मीटर ऊंची चोटियों पर सफल आरोहण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं देती हैं। ऐसी उपलब्धियां युवाओं को प्रेरित करने के साथ प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करती हैं।
