पौड़ी, 6 सितंबर 2026: । संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने पौड़ी में मंडल और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं को प्राथमिकता से पूरा करने, जनशिकायतों का जल्द निस्तारण और विकास कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सचिव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण, ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम को प्रभावी बनाने और अधिकारियों को क्षेत्र में रात्रि विश्राम करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-ऑफिस व्यवस्था को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
बैठक में पर्यटन, कृषि, उद्यान, स्वरोजगार, कौशल विकास, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सतपुली झील परियोजना को जल्द पूरा करने, नए पर्यटन स्थलों के लिए पेयजल योजनाएं तैयार करने और ग्रामीण उत्पादों को बाजार से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
सड़कों को गड्ढामुक्त करने, विद्युत व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। वहीं, साइबर अपराध और नशे की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
