देहरादून 4 सितंबर 2026। उत्तराखंड में जनगणना की प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है। प्रदेश के हिमाच्छादित क्षेत्रों में एक सितंबर से जनगणना का कार्य शुरू कर दिया गया है। सचिव जनगणना दीपक कुमार ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में अप्रैल और मई के दौरान पूरे प्रदेश में हाउस लिस्टिंग का कार्य पूरा किया गया था। इस दौरान सभी जिलों में मकानों की गणना की गई।
उन्होंने बताया कि अब जनगणना के दूसरे चरण का पहला हिस्सा शुरू हो चुका है। इसके तहत पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिलों के हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना की जा रही है। इन क्षेत्रों के करीब 132 गांवों को इस चरण में शामिल किया गया है।
खास बात यह है कि इस बार महत्वपूर्ण नगर क्षेत्रों को भी जनगणना के दायरे में शामिल किया गया है। इनमें चमोली जिले का बदरीनाथ, रुद्रप्रयाग का केदारनाथ और उत्तरकाशी का गंगोत्री नगर क्षेत्र शामिल हैं। दुर्गम और हिमाच्छादित इलाकों में जनगणना शुरू होने के साथ ही प्रदेश में जनगणना की प्रक्रिया अब व्यापक स्तर पर आगे बढ़ रही है।
