देहरादून 24 जुलाई 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य वन्यजीव बोर्ड और राज्य स्तरीय बाघ संचालन समिति की बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने और वन्यजीव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। मानव-वन्यजीव संघर्ष के दौरान साहसिक कार्य करने वाले आम नागरिकों को राज्य स्तर पर सम्मानित करने तथा हमलों में मृतक और घायलों के परिजनों को समय पर मुआवजा देने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने वन्यजीव कॉरिडोर संरक्षण, कैमरा ट्रैप, ड्रोन, एआई आधारित निगरानी, क्यूआरटी टीमों की मजबूती, प्राकृतिक जल स्रोतों और चारागाहों के विकास तथा वनाग्नि प्रबंधन पर जोर दिया। हरिद्वार कुंभ के दौरान मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए विशेष क्यूआरटी तैनात करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में राजाजी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में गैस पाइपलाइन, सड़क, आईटीबीपी अवसंरचना और ऑप्टिकल फाइबर जैसी जनहित परियोजनाओं को आवश्यक शर्तों के साथ राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति को भेजने की अनुमति दी गई। साथ ही कॉर्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व में टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स, पर्यावरण अनुकूल सफारी वाहनों और वन्यजीव अपराधों की प्रभावी जांच पर भी चर्चा हुई।



