देहरादून 18 जुलाई 2026। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य की दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियां—भाजपा और कांग्रेस—ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा वर्ष 2017 से लगातार राज्य की सत्ता में है, जबकि कांग्रेस इस बार पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरकर भाजपा को सत्ता से बाहर करने और दोबारा सरकार बनाने की कोशिश में जुटी है।
17 जुलाई को विषम परिस्थितियों के बावजूद राहुल गांधी के विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं की मौजूदगी ने कांग्रेस में नया उत्साह भर दिया। इसी क्रम में आज कांग्रेस की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने राजपुर रोड स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता की।
प्रेस वार्ता में कुमारी शैलजा ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस भी पूरी तरह चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर उत्तराखंड में अपनी सरकार बनाएगी।
