नई दिल्ली 9 जुलाई 2026। नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उत्तराखंड में रेल संपर्क विस्तार और लंबित रेल परियोजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा, कुम्भ-2027, पर्यटन और प्रवासी उत्तराखण्डवासियों की सुविधा को देखते हुए मुंबई-देहरादून वंदे भारत/सुपरफास्ट ट्रेन शुरू करने, मुंबई-हरिद्वार व मुंबई-रामनगर रेल सेवाओं की आवृत्ति बढ़ाने तथा देहरादून-कोटा ट्रेन को मुंबई तक विस्तार देने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन की भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित करने, किच्छा-सितारगंज-खटीमा रेल लाइन की पूरी लागत केंद्र द्वारा वहन करने, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में शीघ्र संचालन शुरू करने तथा हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण का कार्य जल्द पूरा करने का आग्रह किया।
उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, रुड़की, लक्सर, खटीमा, टनकपुर और बनबसा सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों के सौंदर्यीकरण एवं विस्तार, बनबसा स्टेशन पर त्रिवेणी, मथुरा और दौराई एक्सप्रेस के ठहराव तथा खटीमा-मझोला रेलवे फाटक संख्या-18C को पुनः खोलने का भी अनुरोध किया।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकांश प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया तथा बनबसा स्टेशन पर संबंधित ट्रेनों के ठहराव को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की।
